Fire News: दुमका। Dumka रेलवे स्टेशन के पास रिंग रोड स्थित एएन कॉलेज मोड़ पर बुधवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। गैस लाइटर से लदे एक ट्रक को पीछे से चिप्स लदे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गैस लदा ट्रक कुछ दूर जाकर धू-धू कर जलने लगा।
Fire News:
आग की लपटों ने चिप्स लदे ट्रेलर को भी अपनी चपेट में ले लिया। पास खड़े एक खाली ट्रेलर और एक हाइवा में भी आग लग गई। देखते ही देखते चारों वाहन जलकर खाक हो गए। हादसे में ट्रेलर के उपचालक की आग में झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को टोटो से इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।
लगातार विस्फोट से फैली दहशत
गैस लाइटर से लदे वाहन में आग लगने के बाद लगातार विस्फोट होते रहे, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाकों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मृतक और घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और वे बयान देने की हालत में नहीं हैं।
आग बुझाने में कड़ी मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने तीन वाहनों में लगी आग पर काफी हद तक काबू पा लिया, लेकिन गैस से लदे ट्रक में लगी आग पर नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मौके पर दुमका के एसडीओ कौशल कुमार, डीटीओ समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौजूद रही और राहत-बचाव कार्य में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बना दिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
Fire News:

