Institute of Management Studies: इंस्टीट्यूट आॅफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) नोएडा में आयोजित तीन दिवसीय ‘गोल्डन गोल कप’ ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब गोल हंटर टीम ने अपने नाम कर लिया। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। फाइनल मुकाबला गोल्डन एफसी और गोल हंटर के बीच खेला गया, जिसमें गोल हंटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-0 की एकतरफा जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। सेक्टर-62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आईएमएस नोएडा की स्पोर्ट्स कोआॅर्डिनेटर रीना मैसी ने बताया कि क्वार्टर फाइनल के तीन मुकाबले खेले गए।
आईएमएस नोएडा के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देना है। खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, प्रतिसर्धात्मक भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं।
समापन अवसर पर विजेता टीम गोल हंटर को 11,000 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रथम रनर-अप टीम को 7,100 नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी दी गई, जबकि द्वितीय रनर-अप टीम को ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विजेता, प्रथम एवं द्वितीय रनर-अप टीमों के सभी खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

