नोएडा पुलिस फेस-1: नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, 12 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद, नाबालिग भी हिरासत में

नोएडा पुलिस फेस-1 : नोएडा, गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर 12 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है, जो आरोपी के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी नोएडा साद मियां खान की अगुवाई में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई अंजाम दी गई। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त मयंक तिवारी ने की, जबकि थाना फेस-1 के प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार शुक्ला के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार सहित पुलिस टीम ने 15 जुलाई की सुबह करीब सवा चार बजे सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर रोड, बर्ड सैंक्चुरी अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को रोका।

कैसे हुआ भंडाफोड़

पूछताछ में पुलिस को शक हुआ तो मौके पर मौजूद मोटरसाइकिल को जिपनेट ऐप से चेक किया गया, जिसमें पता चला कि वाहन दिल्ली के थाना ईस्ट विनोद नगर क्षेत्र से चोरी हुआ था। इसके बाद यूपी पुलिस के यक्ष ऐप और गांडीव पोर्टल पर दोनों आरोपियों की फोटो का मिलान कराया गया तो उनका आपराधिक इतिहास सामने आ गया। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय आशु ढेढा के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और उसका नाबालिग साथी पहले रेकी करते थे, फिर दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के आसपास के इलाकों से मौका पाकर मोटरसाइकिलें चुराते थे। चोरी के बाद वाहनों को सेक्टरों में खड़ी गाड़ियों के बीच छिपा दिया जाता था। जब पैसों की जरूरत पड़ती, तो मजबूरी का बहाना बनाकर इन वाहनों को कबाड़ियों और राह चलते लोगों को बेच दिया जाता और मिली रकम आपस में बांटकर ऐशो-आराम पर खर्च कर दी जाती थी।

दर्जनों मुकदमों का रिकॉर्ड, तीन दर्जन से ज्यादा केस दर्ज

पुलिस के मुताबिक आरोपी आशु ढेढा पिछले चार-पांच साल से इस धंधे में सक्रिय है और उसके खिलाफ दिल्ली व नोएडा के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दिल्ली के गाजीपुर, कल्याणपुरी, मधुविहार, न्यू अशोक नगर, प्रीतविहार, शकरपुर और गाजियाबाद कोतवाली थानों के अलावा नोएडा के सेक्टर-20, फेज-2, सेक्टर-24 और सेक्टर-49 थानों में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। नाबालिग साथी के खिलाफ भी दस मामले दर्ज मिले हैं, जिनमें ज्यादातर वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े हैं। अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपियों के पास से जो मोटरसाइकिल बरामद हुई, वह दो दिन पहले ही दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर से चुराई गई थी। उन्होंने बताया कि गांडीव और यक्ष ऐप से फोटो मिलान के बाद आरोपी की पहचान हुई, जिसके खिलाफ कुल 27 मुकदमे सामने आए, जिनमें से 20 दिल्ली में और सात नोएडा में दर्ज हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बरामद 12 वाहनों में से सात के संबंध में अलग-अलग थानों में एफआईआर पहले से दर्ज है, जबकि बाकी वाहनों की चोरी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

बरामद वाहनों का ब्योरा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं, जिनमें अपाचे, एफजेड, स्प्लेंडर प्रो, पैशन प्रो, सुपर स्प्लेंडर और सुजुकी एक्सेस 125 जैसे वाहन शामिल हैं। इनमें से कई वाहनों की नंबर प्लेट गायब मिली, जबकि एक वाहन का सिर्फ ढांचा (चेसिस) बरामद हुआ। बरामद वाहनों का संबंध दिल्ली के कल्याणपुरी, गोविंदपुरी, शकरपुर थानों और नोएडा के सेक्टर-24, सेक्टर-49 तथा फेस-1 थानों में दर्ज विभिन्न मामलों से जोड़ा गया है। थाना फेस-1 नोएडा में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2)/317(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ में और खुलासे संभव

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय हैं और सैकड़ों वाहन चोरी कर बेच चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बाकी वाहन कहां-कहां से चुराए गए थे और गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं। दोनों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है और आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार शुक्ला के अलावा उपनिरीक्षक अमित कुमार, राहुल कुमार, पवन कुमार, आलोक सैनी, हिमांशु कुमार, अजय कुमार, विजय अहलावत, कांस्टेबल विवेक बालियान, मनीष कुमार और हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।

यह भी पढ़ें: नोएडा मामूरा गांव आग: नोएडा के मामूरा गांव में 5 मंजिला इमारत में भीषण आग, 2 युवतियों समेत कई की मौत, 100 से अधिक लोगों का रेस्क्यू

यहां से शेयर करें