नोएडा फर्जी कॉल सेंटर: फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, ऑनलाइन मार्केटिंग व फर्जी सर्टिफिकेट के नाम पर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

नोएडा फर्जी कॉल सेंटर: नोएडा, गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। थाना सेक्टर-63, नोएडा पुलिस ने देशभर के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों और उद्यमियों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह व्यापारियों को फोन कर ऑनलाइन मार्केटिंग और खरीदार उपलब्ध कराने का झांसा देता था, साथ ही फर्जी सर्टिफिकेट जारी कर उनसे मोटी रकम ऐंठता था। यह पूरा नेटवर्क एक फर्जी कॉल सेंटर के जरिए संचालित किया जा रहा था। कैसे हुआ खुलासा पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-63 पुलिस को एक पीड़ित वादी की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस को इस संगठित गिरोह के बारे में अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर सेक्टर-63 स्थित ए-135 पते पर छापा मारा गया। छापेमारी में पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

रणबीर सिंह, पुत्र युवराज सिंह, निवासी शक्तिखंड-4, इंदिरापुरम, गाजियाबाद (उम्र 48 वर्ष)
ललित कुमार, पुत्र ओमप्रकाश, निवासी हिंडन विहार, ग्राम बरौला, थाना सेक्टर-49, नोएडा (उम्र 25 वर्ष)
ज्योति, पत्नी रणबीर सिंह, निवासी शक्तिखंड-4, इंदिरापुरम, गाजियाबाद (उम्र 33 वर्ष)

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी रणबीर सिंह इस फर्जी कॉल सेंटर का मुख्य संचालक बताया जा रहा है, जबकि उसकी पत्नी ज्योति भी इस पूरे नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल थी। भारी मात्रा में सामान बरामद आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं, 39 स्मार्ट मोबाइल फोन,  09 कीपैड मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, 36 सीपीयू, 32 सिम कार्ड, विभिन्न टैक्स इनवॉइस एवं अन्य दस्तावेज। बरामद उपकरणों और दस्तावेजों की बड़ी संख्या यह दर्शाती है कि यह गिरोह लंबे समय से और बड़े पैमाने पर देशभर के व्यापारियों को निशाना बना रहा था। दर्ज मुकदमा थाना सेक्टर-63, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में मु0अ0सं0 303/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4)/338/336(3)/340(2)/61(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस की अपील गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाले ऐसे कॉल्स पर भरोसा न करें जो ऑनलाइन मार्केटिंग, खरीदार उपलब्ध कराने या फर्जी सर्टिफिकेट देने का दावा करते हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या साइबर क्राइम हेल्पलाइन को दें।

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर धर्मांतरण कांड: फुलत मदरसा धर्मांतरण विवाद में एक और गिरफ्तारी, मौलाना का बेटा जुनैद अंसारी तमंचे के साथ धरा गया, पिता व दूसरा बेटा अब भी फरार

यहां से शेयर करें