New Delhi news बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े तीन शार्पशूटरों को गिरफ्तार कर एक संभावित गैंगवार और हत्या की बड़ी वारदात को टाल दिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक तथा एक कानून से संघर्षरत किशोर (सीसीएल) शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अत्याधुनिक अवैध पिस्तौल, 27 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 5 जून की शाम बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द स्थित बंगाली मार्केट के मुख्य मार्ग पर गश्त कर रही टीम को एक काली मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों को देखकर बाइक सवारों ने अचानक दिशा बदलकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान बाइक चला रहे 22 वर्षीय अजय के पास से 7.62 बोर की एक अवैध पिस्तौल और 18 जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं बीच में बैठे 22 वर्षीय कन्हैया कुमार के कब्जे से 7.65 बोर की एक अन्य अवैध पिस्तौल और तीन कारतूस मिले। तीसरे आरोपी, जो किशोर है, के पास से छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के करीबी सहयोगी नितिन उर्फ विक्की उर्फ हड्डल के संपर्क में थे। पुलिस जांच में सामने आया कि विक्की हड्डल ने सोशल मीडिया के माध्यम से कन्हैया और किशोर आरोपी से संपर्क बनाया था। इसके बाद हरियाणा के झज्जर निवासी अजय को टीम में शामिल कर एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रची गई।
किराए के कमरे में रहकर पूठ खुर्द गांव के व्यक्ति की कर रहे थे रेकी
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी बवाना क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर पूठ खुर्द गांव के एक व्यक्ति की रेकी कर रहे थे। गैंग के निर्देश पर उन्होंने हत्या को अंजाम देने के लिए अत्याधुनिक हथियार और कारतूस भी जुटा लिए थे। वारदात को अंतिम रूप देने के लिए जाते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया, जिससे एक बड़ी आपराधिक घटना होने से बच गई।
हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अजय पहले भी हरियाणा के झज्जर जिले में दर्ज एक आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है। पुलिस अब हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क, गैंग के अन्य सदस्यों तथा हत्या की साजिश में शामिल लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते की गई कार्रवाई से न केवल अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है, बल्कि क्षेत्र में संभावित गैंगवार और गंभीर अपराध को भी रोका जा सका है। मामले की जांच जारी है।


New Delhi news

