ग्रेटर नोएडा में भाजपा नेता के बेटे की शादी बनी मिसालः मात्र एक रुपये समपन्न हुआ विवाह

ग्रेटर नोएडा। शादियों में दहेज देना और शानो शौकत के साथ इंतजाम करना परंपरा बन चुका है, लेकिन ऐसी परम्पराओं को तोड़ते हुए ग्रेटर नोएडा में भाजपा नेता ने अपने बेटे की शादी सादगी से ही नहीं की बल्कि ₹1 में कर दी। ये शादी गुर्जर समाज में चर्चाओं का विषय बना है क्योंकि माना जाता है गुर्जर समाज में दहेज लेनदेन काफी बड़े पैमाने पर होता है। ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव से समाज को नई दिशा देने वाली मिसाल सामने आई है। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र भाटी ने अपने पुत्र अनिकेत भाटी के विवाह को दहेज मुक्त बनाकर समाज के सामने सकारात्मक संदेश प्रस्तुत किया।

दिल्ली गई थी बारात
अनिकेत भाटी का विवाह दिल्ली के बिहारीपुर निवासी प्रवीण की सुपुत्री निखिता के साथ संपन्न हुआ। विवाह की सबसे बड़ी विशेषता इसका पूर्णतः दहेज मुक्त होना रहा। जितेंद्र भाटी ने लगन और सगाई के दौरान उपहारों के बजाय मात्र एक रुपये का प्रतीकात्मक टीका स्वीकार किया। विदाई के समय भी कन्या पक्ष से किसी प्रकार की कीमती वस्तु या नकदी लेने से इनकार करते हुए केवल एक रुपये का कन्यादान स्वीकार किया गया। इसके अतिरिक्त फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के उद्देश्य से बारात में डीजे और शोर-शराबे से परहेज किया गया। सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुई शादी ने यह संदेश दिया कि विवाह दो परिवारों का पवित्र मिलन है, न कि प्रदर्शन का माध्यम। जिलेभर में इस पहल की सराहना की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर बनेगा हाइपरस्केल डेटा सेंटर, 400 करोड़ का प्रोजेक्ट

यहां से शेयर करें