विश्व स्वास्थ्य दिवस: सुमित्रा हॉस्पिटल की बड़ी पहल, 150 से अधिक लोगों को मिली मुफ़्त जाँच और दवाएं, नोएडा में नए पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन

नोएडा। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सुमित्रा हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने एक सराहनीय कदम उठाते हुए विशाल मुफ़्त मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया। इस पहल का लाभ लगभग 150 स्थानीय निवासियों ने उठाया, जिन्हें बिना किसी शुल्क के विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, जाँच सेवाएं और दवाइयां प्रदान की गईं। इसी अवसर पर जगवेद कॉम्प्लेक्स, शॉप नंबर 7 और 8, AD-193, सेक्टर-110, भंगेल, नोएडा में “सुमित्रा पॉलीक्लिनिक और डायग्नोस्टिक सेंटर” नामक चैरिटेबल क्लिनिक का विधिवत उद्घाटन भी किया गया। उद्घाटन भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, अधिवक्ता राजीव त्यागी और अधिवक्ता अश्वनी त्यागी के करकमलों से संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर सुमित्रा हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. वी.के. गुप्ता, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. अंकित गुप्ता सहित स्थानीय समुदाय के अनेक गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

निःशुल्क परामर्श

सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक समर्पित टीम ने सामान्य चिकित्सा, बाल रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, छाती व श्वसन रोग, फिजियोथेरेपी और दंत चिकित्सा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क परामर्श दिया। जाँच के अंतर्गत ईसीजी, ब्लड शुगर, यूरिक एसिड, ब्लड प्रेशर, थायरॉइड, आँखों और फेफड़ों की कार्यक्षमता की जाँच निशुल्क की गई। इसके अलावा बड़ी संख्या में मुफ़्त दवाओं का वितरण भी किया गया।

हॉस्पिटल प्रबंधन ने इस अवसर पर “सभी के लिए स्वास्थ्य” के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए और यही इस पहल का मूल उद्देश्य है। यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और स्थानीय निवासियों ने इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा की ‘हॉट सीट’ पर नई दावेदार: क्या पंकज सिंह का ‘किला’ भेद पाएंगी बृज भूषण की बेटी शालिनी?

यहां से शेयर करें