New Delhi news द्वारका जिला पुलिस ने उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में दोहरे हत्याकांड भंडाफोड़ करते हुए हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार किया है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल 2026 को उत्तम नगर थाना क्षेत्र के एक मकान से देवेंद्र कुमार और अमित के शव संदिग्ध हालत में मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो कमरे में सामान बिखरा हुआ था और शराब की बोतलें पड़ी थीं।
क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेज दिया।। रिपोर्ट में सामने आया कि दोनों की मौत शारीरिक हमले में अंदरूनी चोट के कारण हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना से पहले घर में शराब पीने के दौरान झगड़ा हुआ था। इसके बाद मृतक देवेंद्र का बेटा ईश्वर मौके से फरार हो गया था, जिससे उस पर शक गहराया।
मकान मालिक नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह मकान करीब 10-12 दिन पहले देवेंद्र कुमार को किराए पर दिया था, जो अपने भाई अमित और बेटे ईश्वर के साथ रह रहा था। तीन अप्रैल की रात करीब साढ़े 11 बजे उन्हें झगड़े की सूचना मिली, वे अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय ईश्वर नशे की हालत में था और उसे समझाकर वे वापस लौट आए। कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि ईश्वर ने अपने पिता और चाचा की हत्या कर दी है। मौके पर पहुंचने पर दोनों के शव कमरे में पड़े मिले थे।
पुलिस टीम ने मंगलवार को कई दिनों की कड़ी मेहनत और लगातार तलाश के बाद आरोपी ईश्वर को पकड़ लिया।
New Delhi news

