एनटीपीसी दादरी: परियोजना में रेलवे सुरक्षा नियमों की अनदेखी क्रॉसिंग पर बढ़ा हादसे का खतरा

एनटीपीसी दादरी:  एनटीपीसी दादरी परियोजना क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते आसपास के गांवों के लोगों की जान जोखिम में पड़ती दिखाई दे रही है। कोयला ढुलाई के लिए दादरी से एनटीपीसी तक करीब 12 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन बिछाई गई है, जो कई गांवों के मुख्य मार्गों को पार करती है।

इन मार्गों पर यातायात को रोकने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर बैरियर लगाए गए हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि उनका सही तरीके से संचालन नहीं किया जा रहा है। बताया जाता है कि कई बार कोयला लेकर मालगाड़ी गुजरने के दौरान भी बैरियर खुले रहते हैं, जिससे राहगीरों, मोटरसाइकिल सवारों और किसानों को बिना किसी चेतावनी के रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि एनटीपीसी-दादरी प्रबंधन को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कई स्थानों पर रेलवे क्रॉसिंग पर संचालन के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की भी तैनाती नहीं है, जिसके कारण लोगों को अपनी जिम्मेदारी पर ही ट्रैक पार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एनटीपीसी प्रबंधन से मांग की है कि रेलवे क्रॉसिंग पर लगे बैरियर का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, वहां स्थायी कर्मचारियों की तैनाती की जाए और चेतावनी संकेतों की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता, जिसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर एनटीपीसी-दादरी प्रबंधन की होगी।

यह भी पढ़ें: UPSC Result: मुस्कान के चेहरे पर छाई मुस्कान, यूपीएससी परीक्षा में पाई सफलता

यहां से शेयर करें