भीषण बर्फबारी और शून्य से नीचे तापमान के बीच उत्तर रेलवे महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा का दौरा

New Delhi/Srinagar news  कश्मीर घाटी में जारी भीषण ठंड, भारी बर्फबारी और शून्य से नीचे तापमान के बीच उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने वीरवार को श्रीनगर से कटरा रेल खंड का गहन निरीक्षण किया। यह दौरा ऐसे समय में किया गया, जब मौसम की कठोर परिस्थितियां रेल संचालन और रखरखाव के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।

अपने निरीक्षण दौरे के दौरान वर्मा ने श्रीनगर, पंपोर, अनंतनाग और काजीगुंड सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की बारीकी से जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कड़ाके की सर्दी में भी यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विशेष रूप से हीटिंग व्यवस्था, स्वच्छता और यात्री सुरक्षा पर जोर दिया गया।

सुरंगों, पुलों और ट्रैक सुरक्षा पर विशेष ध्यान

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि महाप्रबंधक ने रेल खंड में स्थित सुरंगों और पुलों पर चल रहे रखरखाव एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने ट्रैक से जुड़े महत्वपूर्ण तत्वों जैसे पॉइंट्स, स्विच और टर्नआउट्स का स्वयं निरीक्षण किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सब-जीरो तापमान में भी रेल परिचालन सुरक्षित और सुचारू बना रहे।

कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान वर्मा ने ग्राउंड स्टाफ और ट्रैक मेंटेनर्स से संवाद कर सर्दियों में आने वाली चुनौतियों पर सीधा फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि शून्य से नीचे तापमान में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण सर्वोपरि है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों को आवश्यक शीतकालीन उपकरण और सुरक्षा गियर तुरंत उपलब्ध कराए जाएं।

समयबद्ध परियोजनाओं के निर्देश

निरीक्षण के समापन पर महाप्रबंधक ने क्षेत्र में चल रही अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मौसम की बाधाओं के बावजूद रेल नेटवर्क मजबूत और विश्वसनीय बना रहे।

New Delhi/Srinagar news

यहां से शेयर करें