Noida Police: क्रूज में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह पर्दाफाश

Noida Polic ।  थाना सेक्टर-113 पुलिस ने सोशल मीडिया पर देश-विदेश में क्रूज आदि में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी विज्ञापन चलाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 5 कंप्यूटर मॉनिटर, 5 कीबोर्ड, 5 सीपीयू, 4 माउस, 1 राउटर, 2 मोहर, 2 चेकबुक, 2 सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मैनुअल खुफिया जानकारी व गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया मंचों पर ‘हम भर्ती कर रहे हैं’ नाम से भुगतान किए गए विज्ञापन चलाकर लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले 6 अभियुक्तों (महिला/पुरुष) को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान
सरीम खान पुत्र नफीस अहमद, शोएब खान पुत्र नजरुद्दीन, रितिका पुत्री राजीव गुप्ता, मन्तसा अब्बासी पुत्री इकबाल अहमद, फातिमा पुत्री गुलाम गोस सिद्दकी तथा खुशी उर्फ खुशबू पुत्री शकूर खान के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को एंथूरियम बिजनेस पार्क, सेक्टर-73 नोएडा से गिरफ्तार किया गया।
नौकरी दिलाने के वसूलते थे 40,000 से 60,000 रुपये
पूछताछ में अभियुक्त सरीम खान व शोएब खान ने बताया कि वे एम/एस रिक्रूट सर्विस कंपनी के नाम से फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया मंचों पर ‘हम भर्ती कर रहे हैं’ के भुगतान किए गए विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों से आवेदन पत्र भरवाकर उनकी जानकारी लेते और उन्हें देश-विदेश में क्रूज आदि में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 40,000 से 60,000 रुपये तक वसूल लेते थे।
ई-मेल के माध्यम से भेजा जाता था फर्जी नियुक्ति पत्र
इसके बाद पीड़ितों को ई-मेल के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर ठगी की जाती थी। इस पूरे फजीर्वाड़े को संचालित करने के लिए आरोपियों ने एंथूरियम बिजनेस पार्क, सेक्टर-73 नोएडा में एक कार्यालय किराए पर ले रखा था, जहां से वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर यह गिरोह चला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें: जिले में सतत विकास और नागरिक केंद्रित सीएसआर  पहलों को सुदृढ़ करना मुख्य उद्देश्य :सीडीओ 

यहां से शेयर करें