Noida International Airport Cargo Hub: AISATS ने स्पाइसएक्सप्रेस और टोटल सॉल्यूशंस से मिलाया हाथ

Noida International Airport Cargo Hub: नई दिल्ली/नोएडा। एयर इंडिया एसएटीएस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (AISATS) ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) स्थित अपने मल्टी-मॉडल कार्गो हब (MMCH) में फ्रेटर ऑपरेशंस को विकसित और विस्तारित करने के लिए मंगलवार को दो अलग-अलग समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौते स्पाइसएक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स और टॉटसोल एविएशन (टोटल सॉल्यूशंस ग्रुप) के साथ हुए हैं। इस साझेदारी की घोषणा नई दिल्ली में आयोजित ‘ACFI वर्ल्ड कॉन्क्लेव 2026’ के दौरान की गई।

पशुधन कार्गो पर फोकस करेगी स्पाइसएक्सप्रेस

स्पाइसएक्सप्रेस के साथ हुआ समझौता मुख्य रूप से पशुधन (लाइवस्टॉक) कार्गो ऑपरेशंस पर केंद्रित है। इसके तहत कंपनी की योजना सितंबर 2026 से अगस्त 2027 के बीच लगभग 200 पशुधन फ्रेटर विमान संचालित करने की है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे प्रमुख पशुधन उत्पादक राज्यों के नजदीक होने के कारण यह हब अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक कार्गो की तेज आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।

टोटल सॉल्यूशंस के साथ शेड्यूल्ड-नॉन शेड्यूल्ड फ्रेटर सेवाओं का विस्तार

टोटल सॉल्यूशंस के साथ हुए MoU के तहत AISATS नोएडा एयरपोर्ट से नियमित (शेड्यूल्ड) और गैर-नियमित (नॉन-शेड्यूल्ड) कार्गो फ्रेटर ऑपरेशंस की संभावनाओं और क्षमताओं का विकास करेगी। इससे एयरपोर्ट के कार्गो नेटवर्क और हैंडलिंग क्षमता, दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने क्या कहा

AISATS के सीईओ रमानथन राजामाणि ने कहा कि यह मल्टी-मॉडल कार्गो हब घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पशुधन की कुशल और सुगम आवाजाही को बढ़ावा देगा। उन्होंने बताया कि कंपनी का आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी प्रक्रिया को तेज और सुरक्षित बनाता है।

टोटल सॉल्यूशंस ग्रुप के एमडी संदीप दत्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तर भारत के बाजारों की मांग को वैश्विक उड़ानों से जोड़ना और व्यावसायिक रूप से मजबूत फ्रेटर कनेक्टिविटी तैयार करना है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष क्रिस्टॉफ श्नेलमैन ने कहा कि यह साझेदारी NIA को एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करेगी और आने वाले समय में हवाई कार्गो यातायात के विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

उत्तर भारत का बड़ा कार्गो गेटवे बनने की ओर कदम

विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उत्तर भारत के एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कार्गो गेटवे के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आने वाले महीनों में इस हब से कार्गो ट्रैफिक में लगातार वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: DrugsSeized: सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कैमरून और नाइजीरिया के नागरिक ड्रग्स तस्करी में गिरफ्तार

यहां से शेयर करें