Noida Bal Bharati School Notice: नोएडा। सेक्टर-21 स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल में बच्चों की पढ़ाई असुरक्षित हालात में कराए जाने का मामला सामने आया है। स्कूल में कक्षा आठवीं-डी को एक ऐसे बेसमेंट में पढ़ाया जा रहा था, जहां न तो खिड़कियां थीं, न उचित वेंटिलेशन और न ही आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था। इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) तक पहुंची, जिसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया है।
कैसे आया मामला सामने
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर के मुताबिक 7 अगस्त को एनसीपीसीआर की ओर से एक शिकायती पत्र प्राप्त हुआ था। इसमें आरोप लगाया गया कि स्कूल की आठवीं कक्षा के सेक्शन-डी को बिना खिड़कियों और उचित हवा-रोशनी वाले बेसमेंट में चलाया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया कि आपातकालीन स्थिति में बच्चों की सुरक्षित निकासी के इंतजाम नहीं हैं और अग्निशमन सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है।
गर्मी और उमस से जूझ रहे बच्चे
शिकायत के अनुसार बेसमेंट में क्लास लेने वाले बच्चों को भीषण गर्मी के मौसम में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूल में लगे एयर कंडीशनर खराब पड़े होने के कारण बेसमेंट में उमस और गर्मी की स्थिति और बिगड़ गई, जिससे बच्चों का बैठना मुश्किल हो गया।
प्राधिकरण से भी मांगी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए नोएडा विकास प्राधिकरण से भी विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। एडीएम की ओर से नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया गया है, ताकि भवन और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट हो सके।
स्पष्टीकरण न मिलने पर होगी कार्रवाई
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों पर नियमानुसार जवाब देने को कहा गया है। उन्होंने साफ किया कि यदि तय समय-सीमा के भीतर स्कूल की ओर से संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं आता और शिकायत सही पाई जाती है, तो प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सबसे बड़ी बात यह है कि यदि स्कूल उचित जवाब देने में विफल रहता है, तो धारा 10 के तहत स्कूल को आवंटित भूमि तक रद्द की जा सकती है।
अभिभावकों में चिंता
इस खुलासे के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में स्कूल की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई जा रही है। शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने तक स्कूल की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें: Rahul Gandhi Prayagraj Visit: राहुल गांधी प्रयागराज पहुंचे, साथ में प्रियंका की बेटी मिराया; केपी ग्राउंड में छात्रों से संवाद, सिर्फ 5 हजार मौजूद

