नोएडा में अतिक्रमण पर प्राधिकरण का कसा शिकंजा: 10 वर्क सर्किल में एक साथ चला हटाओ अभियान

नोएडा। जाम-मुक्त सड़कें और साफ-सुथरे सार्वजनिक स्थल जनता को उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ नोएडा प्राधिकरण ने अनधिकृत वेंडर्स और अवैध ठेली-पटरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। 26 फरवरी 2026 को प्राधिकरण के वर्क सर्किल-1 से 10 के अंतर्गत अतिक्रमण उन्मूलन दस्ते ने एक साथ दस स्थानों पर अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाए।

 कार्रवाई में सब मॉल के समीप, शाकुम्भरी मार्केट, बरौला, एम.पी.-3 मार्ग, छलेरा-सेक्टर 44, सेक्टर 57-58, फेज-2, ग्राम कोण्डली, सेक्टर 49 और कामबख्शपुर में अतिक्रमण हटाया गया। इन सभी स्थानों पर सड़क किनारे और सार्वजनिक जगहों पर अनधिकृत रूप से जमे वेंडर्स व ठेलेवालों को हटाकर मार्ग को सुगम बनाया गया।

प्राधिकरण का स्पष्ट संदेश

प्राधिकरण के अनुसार लंबे समय से विभिन्न स्रोतों — जनसामान्य, आर.डब्ल्यू.ए., फोनर्वा, औद्योगिक संगठनों एवं अन्य माध्यमों से अनधिकृत वेंडर्स की भारी संख्या को लेकर शिकायतें प्राप्त होती रही हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने प्रतिदिन नियमित अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान चलाने की योजना लागू की है। प्राधिकरण का स्पष्ट संदेश है कि यह कार्रवाई किसी एक दिन की औपचारिकता नहीं, बल्कि एक सतत और नियमित अभियान है जो प्रतिदिन के आधार पर जारी रहेगा। उद्देश्य साफ है — नोएडा की सड़कें जाम-मुक्त हों, सार्वजनिक स्थल अतिक्रमण-मुक्त हों और नागरिकों को उनका हक मिले।

 

यह भी पढ़ें: कुआं पूजन में खाने के दौरान हुई कहासुनी बनी जानलेवा — बाका से वार कर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

यहां से शेयर करें