नोएडा की टूटी सड़कों पर NEA ने जताई चिंता, जिलाधिकारी से की ये मांग

नोएडा। नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (NEA) के अध्यक्ष  विपिन कुमार मल्हन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने दिनांक 09 मार्च 2026 को सेक्टर-27, नोएडा स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में  मेधा रूपम, जिलाधिकारी, जिला गौतमबुद्ध नगर से भेंट की। इस बैठक में NEA अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि विगत 2 वर्षों से नोएडा की सभी सड़कें बुरी तरह टूटी हुई हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे हो रखे हैं, जिनमें चलना भी दूभर हो गया है। सड़कें टूटी होने के कारण वाहनों को भी क्षति पहुँच रही है तथा यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ सड़कों पर उड़ती धूल के कारण वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है।

NEA अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि प्राधिकरण का ध्यान इस ओर आकर्षित कर उन्हें 2 माह में सड़कों की मरम्मत करने के दिशा-निर्देश जारी करने की कृपा करें, ताकि सड़कों पर चलना सुगम हो सके। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शीघ्र ही शुरू होने वाला है। यमुना औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग, जो नोएडा एक्सप्रेस-वे की ओर जाता है, उसमें 2-2 घंटे तक जाम लगा रहता है। अतः जब तक नोएडा से परी चौक तक प्राधिकरण द्वारा सड़क नहीं बनाई जाती, तब तक सेक्टर-94 से सेक्टर-150 तक जाने वाले पुस्ता बांध रोड की मरम्मत यदि प्राधिकरण करवा दे, तो यातायात काफी हद तक सुगम हो जाएगा और एयरपोर्ट तक पहुँचने में भी आसानी होगी। DM ने कहा कि इस संदर्भ में उन्हें पत्र लिखकर दें, ताकि प्राधिकरण को निर्देशित किया जा सके। इस अवसर पर NEA अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन, महासचिव वी.के. सेठ, उपाध्यक्ष मयंक गुप्ता एवं सचिव राहुल नैय्यर उपस्थित रहे।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के भार को कम करने की तैयारी: यमुना पुश्ते पर नए एक्सप्रेसवे के लिए यूपीईडीए का सर्वे शुरू

यहां से शेयर करें