Ghaziabad news नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम ने बायोडायवर्सिटी पार्क, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर, टीएसटीपी प्लांट, सीएम ग्रिड, स्पोर्ट्स कंपलेक्स, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और डिजिटल लैब जैसी परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। नगर निगम मुख्यालय, नवयुग मार्केट में जर्जर दिखने वाला परिसर अब पूरी तरह जीर्णोद्धार के बाद नए स्वरूप में आगंतुकों और कर्मचारियों के लिए प्रस्तुत है। शौचालयों की स्थिति में सुधार, वेटिंग एरिया का व्यवस्थित निर्माण, अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की सुविधा में वृद्धि, पार्क और बैठक कक्षों का सौंदर्यीकरण, तीन बड़े मीटिंग हॉल और वर्चुअल बैठक के लिए एलईडी स्क्रीन की स्थापना इस सुधार का हिस्सा हैं।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नगर निगम का कार्यस्थल आधुनिक और हाईटेक होना जरूरी है, ताकि सभी विभागों की कार्यशैली प्रभावी बने और आगंतुकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि स्टोर रूम और फाइलिंग की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और आगामी महीनों में मुख्यालय की पार्किंग व्यवस्था एवं स्टोर रूम का कार्य पूर्ण किया जाएगा।
नगरायुक्त ने कहा कि नगर निगम के इस जीर्णोद्धार से न केवल मुख्यालय की कार्यकुशलता में वृद्धि हुई है, बल्कि शहर के मुख्य चौराहों और मार्गों पर किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों से गाजियाबाद की छवि भी और आकर्षक बन रही है।
मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि पुराने विद्युत सिस्टम को बदलकर नई वायरिंग की गई है और प्रत्येक ताले पर लाइट पैनल बदले गए हैं। आग सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए फायर प्रोटेक्शन सिस्टम और सदन कक्ष में स्प्रिंकलर नोजल लगाए गए हैं।

Ghaziabad news

