दादरी में मोमोज बने मुसीबत: नोएडा के दादरी में एक ही दुकान से मोमोज खाने के बाद करीब एक दर्जन लोग बीमार पड़ गए हैं। बीमार होने वालों में 9 लोग एक ही परिवार के हैं। उल्टी, पेट दर्द और बुखार की शिकायत के साथ सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
कैसे हुई घटना?
नई आबादी निवासी आरिफ के घर रिश्तेदार आए हुए थे और शाम को सभी ने मोमोज मंगवाकर खाए थे। अगले दिन परिवार के करीब 10 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद जिलाधिकारी से भी शिकायत की गई। मोमोज खाने के बाद उल्टी और पेट में दर्द की शिकायत हुई, फिर धीरे-धीरे सिर दर्द और बुखार जैसे लक्षण भी सामने आए।
अस्पताल में क्या हुआ?
दादरी के प्राथमिक स्वास्थ्य चिकित्सा केंद्र के डॉक्टर काशिफ नदीम आलम ने बताया कि गुरुवार को दोपहर 2 बजे से शाम तक दर्जन भर मरीज आए। मरीजों को इंजेक्शन और दवाइयां दी गईं और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद नौ लोगों को छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन बच्चों का इलाज अभी भी जारी है।
दुकानदार फरार, खाद्य विभाग सक्रिय
घटना के बाद मोमोज बेचने वाला दुकानदार फरार हो गया। थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन ठेलीवाला नहीं मिला। इसके बाद टीम उसके घर पहुंची और मोमोज का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।
स्थानीय लोगों में रोष
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग अब बाहर का खाने से हिचकिचा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दुकान की साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। सभासद मोहम्मद आरिफ ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें: LPG संकट की मार: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में फैक्ट्रियों पर ताले, मजदूरों का पलायन शुरू

