राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में मंगलवार तड़के एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
समाचार एजेंसीयों के मुताबिक, यह आग ग्राउंड फ्लोर सहित तीन मंजिला इमारत के बेसमेंट से शुरू हुई और देखते ही देखते करीब 350 वर्ग गज के दायरे में फैल गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि इसने इमारत की सभी मंजिलों पर रखे इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल सामान, फर्नीचर और अन्य साज-सज्जा की चीजों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर 15 से अधिक दमकल गाड़ियां और 75 से ज्यादा फायरकर्मी भेजे। घंटों चली मशक्कत के बाद आग पर सुबह करीब 6:30 बजे काबू पा लिया गया।
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल फायर ऑफिसर राजिंदर अटवाल ने एएनआई से बातचीत में बताया कि यह आग एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम में लगी थी। उन्होंने कहा कि आग पर लगभग काबू पा लिया गया है और फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और फिलहाल इस बारे में जांच जारी बताई जा रही है। शोरूम में रखे इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल सामान की वजह से आग तेजी से फैली, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का सटीक आकलन अभी सामने नहीं आया है।

