ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की पंचशील ग्रीन्स दो सोसाइटी के बाहर बुधवार सुबह उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब एक कार सवार महिला ने सोसाइटी के गेट पर स्कूल बस का इंतज़ार कर रहे बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्ची कार के नीचे भी आ गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
निवासियों के मुताबिक, महिला उस समय फोन देख रही थी और अचानक उसका पैर एक्सीलरेटर पर जा टिका, जिसके बाद कार बेकाबू हो गई। कार ने सबसे पहले वहां खड़ी दो स्कूटियों को टक्कर मारी और उसके बाद सीधे बच्चों के समूह में जा घुसी। हादसे में कुछ अभिभावक भी चोटिल हुए हैं, जो बच्चों के साथ बस का इंतज़ार कर रहे थे।
घटना में पांच से अधिक बच्चों को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गुस्साए लोगों ने कार सवार महिला को घेर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला भी उसी वक्त अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने के लिए जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: नोएडा की औद्योगिक प्लॉट स्कीम, लेने वालों की लगी कतार, 19 प्लॉटों के लिए आए 231 आवेदन

