ग्रेटर नोएडा, बिसरख। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में हिंडन नदी में डूबे दो युवकों में से एक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सौरभ (20) का शव घटनास्थल से लगभग ढाई किलोमीटर दूर पानी से बाहर निकाला। हादसे में लापता हुए दूसरे युवक शिव राजपूत (19) की तलाश अब भी जारी है, जिसके लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें नदी में सर्च अभियान चला रही हैं।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार दोनों युवक नदी के दूसरे छोर तक रस्सी पहुंचाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रस्सी खुल गई और दोनों गहरे पानी में डूब गए। घटना शनिवार को हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी बचाव अभियान में लगाया गया।
दो दिन चला सर्च ऑपरेशन, सोमवार को मिली सफलता
बचाव दल शनिवार से ही नदी में तलाश में जुटे थे। सोमवार सुबह टीम को सफलता मिली और सौरभ का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। सौरभ बिजलीपुर गांव का निवासी था, जबकि शिव राजपूत बुलंदशहर के हाजीपुर गांव का रहने वाला है। दोनों युवक फिलहाल यूसुफपुर चक शाहबेरी गांव में रहकर काम कर रहे थे। शिव के परिवार की चिंता अभी बनी हुई है, क्योंकि उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।
500 रुपए के लिए बांध रहे थे रस्सी
स्थानीय लोगों के मुताबिक नदी में नाव चलाने वाले कुछ लोगों ने दोनों युवकों से रस्सी बांधने का काम करवाया था, जिसके बदले उन्हें 500 रुपए दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नाव संचालकों की भूमिका क्या थी और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे या नहीं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लंबी तलाश के बाद सौरभ का शव बरामद हो गया है और दूसरे युवक शिव राजपूत की तलाश के लिए एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
यह भी पढ़ें: नोएडा डूब क्षेत्र में 13 हजार बिजली कनेक्शन कटने के विरोध में महापंचायत

