सोना-चांदी में बड़ी गिरावट: हफ्तेभर में चांदी ₹12,821 और सोना ₹1,810 प्रति 10 ग्राम सस्ता

Bullion Market:

Business News: बीते सप्ताह सोने और चांदी दोनों कीमती धातुओं में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर हफ्ते के पांच कारोबारी दिनों में चांदी 12,821 रुपये प्रति किलो और सोना 1,810 रुपये प्रति 10 ग्राम तक लुढ़क गया।

चांदी: हाई से अब तक ₹1.95 लाख की भारी गिरावट

MCX पर शुक्रवार को चांदी का वायदा भाव 2,808 रुपये की बढ़त के साथ 2,44,321 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ, लेकिन इसके बावजूद 17 अप्रैल के 2,57,142 रुपये के मुकाबले यह हफ्तेभर में 12,821 रुपये सस्ती रही। चांदी के ऐतिहासिक उच्च स्तर की बात करें तो इस साल जनवरी में MCX पर चांदी पहली बार 4,39,337 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर को छू गई थी। उस हाई से अब तक चांदी 1,95,016 रुपये यानी करीब ₹1.95 लाख टूट चुकी है। घरेलू बाजार में भी चांदी ने निवेशकों को निराश किया। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बाजार में चांदी हफ्तेभर में 6,115 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई — 17 अप्रैल को 2,49,940 रुपये से गिरकर शुक्रवार को 2,43,825 रुपये पर बंद हुई।

सोना भी पड़ा फीका, वायदा बाजार में ₹1,810 की चोट

सोने की बात करें तो MCX पर 5 जून की एक्सपायरी वाला गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट शुक्रवार को महज 100 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,52,799 रुपये प्रति 10 ग्राम पर क्लोज हुआ। 17 अप्रैल को यह 1,54,609 रुपये पर बंद हुआ था, यानी हफ्तेभर में सोना 1,810 रुपये प्रति 10 ग्राम फिसल गया। घरेलू बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों के लिए क्या संकेत?

बीते हफ्ते दोनों कीमती धातुओं में आई गिरावट ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है। हालांकि शुक्रवार को कुछ सुधार जरूर देखने को मिला, लेकिन साप्ताहिक आधार पर दोनों धातुएं लाल निशान में ही रहीं। विशेषज्ञों की मानें तो वैश्विक बाजार में उठापटक और डॉलर की चाल आगे भी सोने-चांदी की दिशा तय करेगी।

 

यह भी पढ़ें: ‘शीशमहल-2’ पर सियासी तूफान: AAP ने प्रवेश वर्मा की तस्वीरों को बताया ‘पूरी तरह फर्जी’, दिया खुले घर का चैलेंज

यहां से शेयर करें