छेनू पहलवान समेत चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

New Delhi news दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर इरफान उर्फ छेनू पहलवान द्वारा मंडोली जेल से रची गई टारगेट किलिंग की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने छेनू पहलवान समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़े अपराध को अंजाम दिए जाने से पहले ही रोक दिया। आरोपी एक अहम गवाह की हत्या की योजना बना रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। स्पेशल सेल के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर शास्त्री पार्क इलाके में जेपीसी अस्पताल के पास छापेमारी कर चौहान बांगर निवासी 22 वर्षीय अदीब को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस मिले। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में अदीब ने खुलासा किया कि यह हथियार मंडोली जेल में बंद गैंगस्टर इरफान उर्फ छेनू पहलवान के निर्देश पर एक मामले के गवाह की हत्या के लिए खरीदा गया था। अदीब की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथियों फरमान और आमिर की पहचान की। जांच में सामने आया कि साजिश को अंजाम देने के लिए टोकन मनी का कैश भुगतान सीलमपुर की एक स्थानीय चाय की दुकान के जरिए किया गया था। गैंगस्टर के करीबी उस्मान ने शूटरों को रकम बांटने के लिए चाय दुकानदार को रुपये सौंपे थे। इसके बाद पुलिस ने फरमान और उस्मान को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों की पूछताछ के आधार पर अंतत: जेल में बंद छेनू पहलवान को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब मुख्य गवाह की पहचान और हथियार की सप्लाई चैन की जांच कर रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें