जेवर में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर परियोजना ‘India Chip’ का शिलान्यास

India Chip

India Chip : गौतमबुद्धनगर : भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में सशक्त भागीदारी दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जेवर स्थित यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-28 में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर परियोजना ‘इंडिया चिप’ का शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे।

India Chip :

यह अत्याधुनिक परियोजना एचसीएल ग्रुप और Foxconn के संयुक्त उद्यम के रूप में स्थापित की जा रही है। लगभग 3700 करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली इस इकाई को प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है।

तकनीकी आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 21वीं सदी प्रौद्योगिकी की सदी है और सेमीकंडक्टर आधुनिक अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। मोबाइल फोन, ऑटोमोबाइल, रक्षा उपकरण, चिकित्सा उपकरण और डिजिटल अवसंरचना—सभी क्षेत्रों में चिप की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ को नई गति देगी तथा भारत को वैश्विक निर्यात केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होगी।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस इकाई से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

फियरलेस बिजनेसका मजबूत इकोसिस्टम: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश ने “स्केल और स्पीड” के साथ विकास सुनिश्चित किया है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में ‘फियरलेस बिजनेस’ और ‘ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस’ का मजबूत इकोसिस्टम स्थापित हुआ है।

उन्होंने कहा कि जो जेवर क्षेत्र पहले अराजकता और असुरक्षा के लिए जाना जाता था, आज वही क्षेत्र पूरे भारत का ‘जेवर’ बनकर उभर रहा है। सेमीकंडक्टर परियोजना के साथ यह इलाका हाईटेक विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

हर माह 3.60 करोड़ चिप का उत्पादन

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस प्लांट में प्रति माह लगभग 3 करोड़ 60 लाख चिप का उत्पादन होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदल गई है।

उद्योग जगत ने जताया आभार

एचसीएल ग्रुप की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा ने केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं फॉक्सकॉन के सेमीकंडक्टर बिजनेस ग्रुप के अध्यक्ष बॉब चेन ने इसे भारत में निर्माण, संचालन और स्थानीयकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इस अवसर पर केंद्रीय एवं राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

India Chip :

यहां से शेयर करें