बेटी की हत्या में दस साल से फरार हत्यारोपी पिता पकड़ा

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 10 साल पुराने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2016 में जम्मू के गांधी नगर इलाके में अपनी ही 10 वर्षीय बेटी की हत्या करने के बाद फरार हो गया था और पहचान बदलकर दिल्ली में रह रहा था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान छतरपुर (मध्य प्रदेश)निवासी रमेश कुमार के रूप में हुई है। वह जम्मू के गांधी नगर थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 176/2016 में हत्या (धारा 302 आईपीसी) के मामले में वांछित था। वारदात के बाद से यह मामला करीब एक दशक तक अनसुलझा पड़ा हुआ था, क्योंकि आरोपित लगातार पुलिस से बचता रहा और उसने अपनी पहचान बदल ली थी।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक वर्ष 2016 में रमेश कुमार जम्मू में मजदूरी करता था। उसी दौरान उसे शक हुआ कि उसकी 10 वर्षीय बेटी उसकी जैविक संतान नहीं है। इसी शक में उसने अपनी बेटी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित जम्मू से फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित दिल्ली आ गया और यहां अपना नाम बदलकर राजवीर रख लिया। वह दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस इलाके स्थित संजय कॉलोनी में रह रहा था और इसी नाम से अपनी पहचान छिपाकर कई वर्षों तक पुलिस से बचता रहा।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-2 यूनिट टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान हेड कांस्टेबल मयंक को सूचना मिली कि आरोपित भाटी माइंस इलाके में रह रहा है। पुलिस टीम ने संदिग्ध इलाके में कई दिनों तक तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल निगरानी की। लगातार प्रयासों और जमीनी स्तर पर की गई जांच के बाद टीम ने भाटी माइंस क्षेत्र में आरोपी का पता लगाकर उसे पकड़ लिया।

New Delhi news

यहां से शेयर करें