New Delhi news दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने कहा कि नशा न केवल युवाओं के भविष्य को बर्बाद करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चला रही है, ताकि युवाओं को इस बुराई से दूर रखा जा सकें। उन्होंने कहा कि यह गीत युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा और इसे सोशल मीडिया व सिनेमा हॉल में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने वीरवार को पुलिस मुख्यालय में ‘नशा बिल्कुल भी अच्छा नहीं विशेष अभियान के तहत एक विशेष थीम सॉन्ग (रैप) लॉन्च करते हुए उक्त विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि संगीत और रचनात्मक माध्यमों के जरिए दिया गया संदेश युवाओं पर अधिक प्रभाव डालता है। यह थीम सॉन्ग भी उसी दिशा में एक प्रयास है, जिससे युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके और उन्हें सही राह पर चलने के लिए प्रेरित किया जा सके।
पुलिस आयुक्त ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें और उन्हें नशे के खतरों के बारे में समय-समय पर जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से ही नशा मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
दिल्ली पुलिस का नशे के खिलाफ 24 अप्रैल से शुरू होगा अभियान
पुलिस आयुक्त ने कहाकि नशा बिल्कुल भी अच्छा नहीं अभियान के दौरान सोशल मीडिया कैंपेन, रेडियो प्रसारण, सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञों के पॉडकास्ट और नशा मुक्ति केंद्रों में खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन सभी प्रयासों का लक्ष्य खासतौर पर युवाओं को जागरूक करना है। अभियान की शुरूआत 24 अप्रैल को होगी, जिसमें स्कूलों के छात्र-छात्राएं सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसी दिन सुबह 10 बजे दिल्ली के स्कूलों में नशा विरोधी शपथ भी दिलाई जाएगी। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

New Delhi news

