Delhi Bus Gangrape: दिल्ली में नाबालिग छात्रा से चलती बस में गैंगरेप, दो गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने 31 अगस्त को एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया, जिसमें 16 वर्षीय एक छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप किया गया। यह घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ग्रेटर नोएडा के परी चौक इलाके से बस में सवार हुई थी और आरोपियों ने उसे कश्मीरी गेट के पास उतारा। इस दौरान बस लगभग 47 किलोमीटर तक चलती रही। बस की खिड़कियों पर पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर की स्थिति दिखाई नहीं दे रही थी।
कैसे हुई घटना
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा की छात्रा है। बताया जा रहा है कि घर में किसी विवाद के बाद वह बिना परिवार को बताए रात में घर से निकल गई थी और नोएडा में रह रहे अपने रिश्तेदार से मिलने जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के चलते वह गलती से परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को उसने रोकने का इशारा किया। बस चालक और परिचालक ने उसे यह कहकर बैठा लिया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है। पुलिस के मुताबिक कुछ समय बाद परिचालक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू की। पीड़िता के बयान के अनुसार, इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
गिरफ्तारी और जब्ती
आरोपियों ने देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार होने की कोशिश की। पीड़िता ने उसी रात कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस चालक कुलदीप और परिचालक संदीप को तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल हुई बस को भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन बस में तकनीकी खराबी आने के बाद आरोपी उसे मरम्मत के लिए नोएडा के सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप ले गए थे। मरम्मत के बाद खाली बस को तिमारपुर ले जाते समय ही यह घटना हुई।
निर्भया कांड की याद
इस घटना ने 2012 के चर्चित निर्भया कांड की यादें ताज़ा कर दी हैं, जब दिल्ली में चलती बस में एक युवती के साथ गैंगरेप हुआ था और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई थी। उस मामले में दोषियों को मार्च 2020 में फांसी दी गई थी।

