दादरी, गौतम बुद्ध नगर। दादरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देते हुए विधायक तेजपाल नागर ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं पर कुल 1.2 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि व्यय की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
इन गांवों को मिली विकास की सौगात
उद्घाटित प्रमुख कार्यों में ग्राम गोविंदगढ़ में तालाब का सौंदर्यीकरण एवं इंटरलॉकिंग कार्य, ग्राम बम्बावड़ में सड़क व सीसी निर्माण, ग्राम सूरजपुर स्थित पुरानी जिला पंचायत कार्यालय में साज-सज्जा व अनुरक्षण कार्य, ग्राम गिरधरपुर में सीसी नाला निर्माण, ग्राम भगवतपुर में सीसी व नाली निर्माण तथा ग्राम सिरसा खादर में खंडजा मार्ग निर्माण शामिल हैं।
इन कार्यों से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जलभराव और जल निकासी की पुरानी समस्या का समाधान होगा तथा ग्रामीण जनजीवन की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
विधायक बोले — हर गांव का विकास है सर्वोच्च प्राथमिकता
इस अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी विकास कार्यों की गति में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
गणमान्य जन रहे उपस्थित
उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें एच. के. शर्मा, चंदरपाल प्रधान, नरेंद्र मनीगर, यशपाल नागर, तरुण नागर, प्रदीप प्रधान, राजवीर बीडीसी, योगेंद्र प्रधान, हिंदी मुकदाम, इंद्राज, नरेंद्र, दविंदर, रोहताश, सोमिंदर नागर, विक्रम सिंह, रियासत प्रधान एवं राजेश बीडीसी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

