Cyber ​​Crime Police Station: पुलिस ने किया फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, चार साइबर ठग गिरफ्तार, लैपटॉप व मोबाइल सहित उपकरण बरामद

Cyber ​​Crime Police Station: थाना साइबर क्राइम पुलिस और थाना सेक्टर-126 पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में क्रू-शिप कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित अन्य उपकरण और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

डीसीपी के अनुसार,

डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-132 नोएडा स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर पर संयुक्त छापेमारी की गई। यहां से राहुल पुत्र मुन्ना लाल, प्रशांत पुत्र श्रीओम, विशाल शर्मा पुत्र रवि शर्मा और सैफ वारिश पुत्र शमसाद अली को गिरफ्तार किया गया। आरोपी सेक्टर-132 स्थित सी हेयर मारनी सर्विस कंपनी नामक फर्जी कंपनी संचालित कर रहे थे। यह गिरोह नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों से फोन और आॅनलाइन माध्यम से संपर्क कर उन्हें क्रू-शिप में आकर्षक वेतन और विदेश में नियुक्ति का झांसा देता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर प्रति व्यक्ति करीब 1 लाख से 1 लाख 20 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने विभिन्न बैंक खातों में करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की रकम जमा कराई है। बरामद बैंक खातों के संबंध में केरल, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों में शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

अभियुक्तों के कब्जे से बरामद
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, 26 कॉलिंग डाटा शीट, 21 कॉलिंग डाटा रजिस्टर, 4 मोहर, 4 फर्जी जॉइनिंग लेटर तथा बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड सहित अन्य बैंक संबंधी दस्तावेज बरामद किए हैं।

यह भी पढ़ें: Teachers protest against TET requirement: टेट अनिवार्यता के बयान के विरोध में केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन, प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

यहां से शेयर करें