क्राइम ब्रांच ने 60 लाख की ड्रग्स के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ‘ड्रग्स फ्री दिल्ली’ अभियान के तहत अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए शुक्रवार को दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 60 लाख रुपए कीमत की1.436 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की चरस बरामद किया है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश का एक तस्कर दिल्ली में चरस की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने सूचना के आधार पर पहले जीटी करनाल बाइपास स्थित मुकरबा चौक पर जाल बिछाया, लेकिन आरोपी पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर भी निगरानी रखी, लेकिन आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देते रहे। आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले हैं। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12908) के जनरल कोच में दबिश दी और ट्रेन छूटने से ठीक पहले दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान ओम चंद उर्फ ओमु और प्यारे सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह चरस हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से लाई गई थी और इसे मुंबई में सप्लाई किया जाना था।
महाराष्टÑ में सप्लाई होनी थी नशे की खेप
आरोपियों ने बताया कि महाराष्ट्र में हशीश (चरस) की बहुत अधिक मांग है। खासकर पार्टी कार्यक्रमों के लिए। उन्होंने बताया कि उन्हें मुंबईवासियों को यह प्रतिबंधित पदार्थ पहुंचाने का काम सौंपा गया था। बरामद चरस हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मलाना गांव के रहने वाले नोलू राम से ली गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य सप्लायर नोलू राम की तलाश जारी है, जो फिलहाल फरार है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें