Air Strike : नई दिल्ली। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर कथित हवाई हमले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल पर जोरदार धमाका और आग की लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।
Air Strike :
बताया जा रहा है कि यह हमला सोमवार रात करीब 9 बजे हुआ, जब काबुल स्थित करीब 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल को निशाना बनाया गया। अफगान तालिबान के प्रवक्ता के अनुसार, इस हमले में लगभग 400 लोगों की मौत हो गई, जबकि 250 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अगर यह आंकड़े सही साबित होते हैं, तो यह हाल के वर्षों में सबसे घातक हमलों में से एक माना जाएगा।
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है। उन्होंने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की है।
वहीं, पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने कहा कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप बेबुनियाद हैं।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने भी सफाई देते हुए कहा कि पाकिस्तानी सेना ने केवल काबुल और पूर्वी प्रांत नंगरहार में स्थित सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए हैं, न कि किसी नागरिक ढांचे पर।
फिलहाल इस पूरे मामले में स्वतंत्र पुष्टि का अभाव है, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
Air Strike :

