दिल्ली पुलिस ने फर्जी पोस्ट और एडिटेड वीडियो से सावधान रहने की दी सलाह, नीट विवाद के बीच केंद्र ने बदला शिक्षा सचिव
CJP Protest: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में चल रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने एक बड़े डिजिटल दुष्प्रचार नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान से संचालित 480 से अधिक संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट भारत में मौजूदा परिस्थितियों का फायदा उठाकर अफवाहें फैलाने और युवाओं, विशेषकर छात्रों, को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने इन खातों की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
CJP Protest:
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी वीडियो संदेश में कहा गया कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फर्जी और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अब तक 480 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित किए जा चुके हैं, जो भारत में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि इनमें से कई अकाउंट पहले भी भारत विरोधी गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी इन्हीं हैंडल्स का इस्तेमाल दुष्प्रचार के लिए किया गया था।
CJP Protest: छात्रों को भड़काने की थी कोशिश
पुलिस के अनुसार, इन सोशल मीडिया अकाउंट का उद्देश्य छात्रों का ध्यान भटकाना, आंदोलन को उग्र बनाना और समाज में अस्थिरता पैदा करना था। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान अकाउंट, एडिटेड वीडियो या बिना पुष्टि वाली पोस्ट पर भरोसा न करें और किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
15 फर्जी पोस्टों का पहले ही किया जा चुका है खंडन
इससे पहले CJP के ‘चलो संसद’ प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई कम से कम 15 फर्जी और भ्रामक पोस्टों का दिल्ली पुलिस खंडन कर चुकी है। इनमें 12 वर्षीय लड़की के साथ कथित मारपीट, महिला प्रदर्शनकारी पर पुलिस अत्याचार, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की हिरासत, लाठीचार्ज के बाद भगदड़ में लड़की की मौत तथा पुलिस द्वारा पैलेट गन और कील लगी लाठियों के इस्तेमाल जैसे दावे शामिल थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच में इनमें से कई वीडियो पुराने, संदर्भ से बाहर या भ्रामक तरीके से साझा किए गए पाए गए।
नीट विवाद के बीच शिक्षा सचिव बदले
उधर, नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। शिक्षा सचिव विनीत जोशी को उनके पद से हटाकर नरेश गंगवार को नया शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, हाल के महीनों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों के लगातार विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर यह बदलाव किया गया है। सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना और छात्रों का विश्वास बहाल करना बताया जा रहा है।
पुलिस की अपील
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी सूचना पर आंख बंद करके विश्वास न करें। किसी भी पोस्ट, वीडियो या संदेश को साझा करने से पहले उसकी तथ्यात्मक जांच करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें। पुलिस का कहना है कि अफवाहों पर रोक लगाने के लिए साइबर सेल लगातार निगरानी कर रही है और दुष्प्रचार फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
CJP Protest:

