कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने खोड़ा में जलापूर्ति पाइपलाइन विस्तार का किया शिलान्यास

Ghaziabad news  कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा और राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने वीरवार को साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में दो अहम परियोजनाओं का शिलान्यास किया, वहीं वार्ड-26 में प्राथमिक चिकित्सा केंद्र का लोकार्पण भी किया गया।
मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि खोड़ा क्षेत्र में पेयजल की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिसे दूर करना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहा है।
उन्होंने कहा कि पाइपलाइन विस्तार परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के 34 वार्डों में पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 53.5 करोड़ की योजना बनाई गई है। जिसे दो चरणों में लागू किया जाएगा। योजना के पहले चरण के कार्यों को आज से शुरू किया जा रहा है। इसमें करीब 18.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रथम चरण में 17 वार्डों में कार्यों को किया जाएगा। जिसमें नए ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे, पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा और जल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे। पहले चरण के कार्यों को पूरा करने के बाद दूसरे चरण के कार्यों को शुरू किया जाएगा। यह कार्य केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि लोगों को टैंकर निर्भरता से मुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में खोड़ा-मकनपुर क्षेत्र में जल संकट पूरी तरह समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, वार्ड-26 में स्थापित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र को स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम माना जा रहा है।
बीमारियों के लिए दूर अस्पताल जाने की जरूरत कम होगी
मंत्री ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से लोगों को नजदीक ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध हो सकेगा, जिससे छोटी बीमारियों के लिए दूर अस्पताल जाने की जरूरत कम होगी। केंद्र में आवश्यक चिकित्सा उपकरण, स्वच्छ वातावरण और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी।
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि पेयजल आपूर्ति योजना का प्रथम चरण क्षेत्रवासियों के लिए राहत लेकर आएगा।
उन्होंने इसे वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में मील का पत्थर बताया और कहा कि सरकार का उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाना है।

Ghaziabad news

यहां से शेयर करें