T20 World Cup: नई दिल्ली। टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ ग्रुप चरण का मुकाबला नहीं खेलने के पाकिस्तान के फैसले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस फैसले का खामियाजा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को भारी पड़ सकता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पीसीबी को चेतावनी दी है।
T20 World Cup:
आईसीसी ने पीसीबी को अवगत कराया है कि यदि पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ निर्धारित मुकाबला नहीं खेलती है, तो टी20 विश्व कप के आधिकारिक प्रसारक जियोस्टार पाकिस्तान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक, यह मामला सीधे तौर पर प्रसारण अनुबंध के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है।
आईसीसी रोक सकता है पाकिस्तान का वार्षिक राजस्व
पाकिस्तान ने अपनी सरकार के निर्देश पर कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का एलान किया है, लेकिन अब तक इस फैसले का औपचारिक कारण आईसीसी को लिखित रूप में नहीं बताया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आईसीसी पाकिस्तान का लगभग 35 मिलियन डॉलर का वार्षिक राजस्व रोक सकता है, जिससे प्रसारक को होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सके।
कानूनी कार्रवाई और आर्थिक दंड की आशंका
पीसीबी के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि यदि पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है और भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलता है, तो उसे न केवल भारी आर्थिक दंड का सामना करना पड़ सकता है, बल्कि प्रसारक द्वारा कानूनी मुकदमा भी झेलना पड़ सकता है। इसके अलावा, आईसीसी की विवाद समाधान समिति (डीआरसी) में पाकिस्तान के पक्ष में फैसला आने की संभावना भी बेहद कम मानी जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि पीसीबी की स्थिति इसलिए भी कमजोर है क्योंकि पाकिस्तान अपनी सुविधा के अनुसार अपने मैच भारत में नहीं बल्कि तटस्थ स्थान श्रीलंका में खेल रहा है। दूसरी ओर, भारतीय सरकार ने भले ही भारतीय टीम को पाकिस्तान में खेलने की अनुमति नहीं दी है, लेकिन उसने एशिया कप या आईसीसी टूर्नामेंट में तटस्थ स्थानों पर पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से कभी रोक नहीं लगाई है।
पाकिस्तान को नहीं मिला किसी देश का समर्थन
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने इस मामले में अन्य सदस्य देशों से समर्थन हासिल करने की कोशिश की, लेकिन उसे किसी भी बोर्ड का साथ नहीं मिला। बताया जा रहा है कि पीसीबी इस बहिष्कार के जरिए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के मुद्दे पर उसके समर्थन में खड़ा होने का संदेश देना चाहता है।
T20 World Cup:
हालांकि, जब आईसीसी ने सभी टूर्नामेंटों के लिए चार साल का प्रसारण समझौता किया था, तो उसमें भारत-पाकिस्तान मुकाबलों को मुख्य आधार बनाया गया था। ऐसे में अगर पाकिस्तान मैच नहीं खेलता है, तो इसे अनुबंध का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा और प्रसारक को आईसीसी व पीसीबी दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का पूरा अधिकार होगा।
T20 World Cup:

