नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले की थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे शातिर अभियुक्त बिलाल गिलानी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उसके निवास स्थान, लाल बाजार (कश्मीर) से दबोचा। आरोपी पर रंगदारी, धोखाधड़ी और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
क्या है पूरा मामला?
मामले की शुरुआत साल 2021 में हुई थी, जब एक महिला (वादिया) ने थाना फेस-3 में बिलाल गिलानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिलाल महिला पर दबाव बना रहा था कि वह मथुरा के थाना नौहझील में उसके खिलाफ दर्ज एक पुराना केस (मु0अ0सं0-312/2020) वापस ले ले।
केस वापस न लेने पर आरोपी ने न केवल महिला को जान से मारने की धमकी दी, बल्कि तकनीकी धोखाधड़ी का सहारा लेते हुए उसका फोन भी हैक कर लिया। पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी ने महिला से 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिला सुराग
बिलाल गिलानी पिछले 5 वर्षों से अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) और धारा 82 CrPC (भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया) के तहत भी कार्रवाई की थी। नोएडा पुलिस की टीम लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी। अंततः इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम कश्मीर पहुंची और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त का प्रोफाइल और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 45 वर्षीय बिलाल गिलानी पुत्र स्व0 नूर मौहम्मद गिलानी के रूप में हुई है। वह कश्मीर के लाल बाजार इलाके का रहने वाला है।
दर्ज मुकदमों का विवरण:
- मु0अ0सं0 1054/2021: थाना फेस-3, नोएडा (धारा 354, 323, 504, 506, 384, 386, 120B IPC एवं 67C IT Act)।
- मु0अ0सं0 312/2020: थाना नौहझील, मथुरा (धारा 406, 420, 467, 468, 120B IPC)।
- “अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। सेक्टर-58 पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इसे कश्मीर से गिरफ्तार किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

