Deprecated: File Theme without header.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a header.php template in your theme. in /home/u149331777/domains/jaihindjanab.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260
ग्रेटर नोएडा बीटा-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश ग्रेटर नोएडा बीटा-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

ग्रेटर नोएडा बीटा-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की कुल 12 मोटरसाइकिलें, चार फर्जी नंबर प्लेट, पेचकस (मास्टर चाबी) तथा अवैध शस्त्र बरामद किए गए हैं।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को स्थानीय खुफिया जानकारी और बीट पुलिसिंग के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर गामा-1 की ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों के पास घेराबंदी की। वहां से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रबल यादव उर्फ प्रदीप (पुत्र विजेंद्र सिंह) और सोहिल (पुत्र मजलस) के रूप में हुई है। ये दिल्ली-एनसीआर, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और हरियाणा के इलाकों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें अंजाम देते थे।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुनसान जगहों और पार्किंग वाली जगहों पर रेकी करते थे। इसके बाद पेचकस यानी मास्टर चाबी की मदद से आसानी से मोटरसाइकिल चुरा ले जाते थे। चोरी के बाद चेसिस नंबर घिसकर मिटा देते और फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे, ताकि पहचान छिप जाए। बरामद 12 मोटरसाइकिलों में से एक हीरो स्प्लेंडर का मामला बीटा-2 थाने में पहले से दर्ज था। अन्य वाहनों के संबंध में संभल (गुन्नौर थाना) और हरियाणा के फरीदाबाद (मुजेसर थाना) सहित नोएडा-दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से जुड़े मामले सामने आए हैं।

प्रबल यादव के खिलाफ पहले से गौतमबुद्धनगर, संभल, फिरोजाबाद, आगरा और फरीदाबाद के थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। सोहिल के खिलाफ भी बीटा-2, संभल और फरीदाबाद में मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब बरामद अन्य मोटरसाइकिलों के मालिकों की जानकारी जुटा रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें: आरजी कर केस: संदीप घोष को जमानत, भाजपा बोली- बेगुनाही नहीं

यहां से शेयर करें