नोएडा में 3 करोड़ की चोरी का खुलासा, एयरटेल सेटअप बॉक्स बरामद, 3 गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। सेंट्रल नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईनोट्रोनिक्स कंपनी से करीब 3 करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3,172 पेटीएम प्रिंटर/मोबाइल पीओएस मशीनें, एयरटेल के 147 सेटअप बॉक्स और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

कैसे हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 9 और 10 अक्टूबर की रात कंपनी के पीछे जंगल की ओर से पहुंचकर एग्जॉस्ट फैन उखाड़ दिया और अंदर घुस गए। वे पेटीएम मशीनें, सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के कार्टून एक छोटे लोडर वाहन में भरकर फरार हो गए थे। एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के पास जंगल से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी चोरी का सामान बेचने जा रहे थे।

बरामद सामान

पुलिस ने बरामदगी का विवरण दिया है:

1,512 पीओएस ट्रांजेक्शन प्रिंटर मशीनें

1,660 मोबाइल टाइप पीओएस ट्रांजेक्शन मशीनें

एयरटेल के 147 सेटअप बॉक्स

एक बारकोड प्रिंटर मशीन

दो क्यूआर कोड स्कैनर मशीनें

दो रोल सोल्डर वायर और 10 मदरबोर्ड

चोरी में इस्तेमाल एक छोटा लोडर वाहन और तीन अवैध चाकू

कंपनी ने बरामद सामान की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई है।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल (26, निवासी गाजियाबाद), सलमान (32, निवासी बुलंदशहर) और आदिल (26, निवासी बुलंदशहर) के रूप में हुई है। सलमान और आदिल इस समय गौतमबुद्धनगर के हल्दौनी में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मदरबोर्ड की बिक्री भी करते थे। इस मामले में थाना सूरजपुर में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

फरार आरोपी तलाश में

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इमरान उर्फ पंगा, फरमान, राशिद और वसीम समेत अन्य लोग भी इस वारदात में शामिल थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूरजपुर थाना पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
यह भी पढ़ें: नोएडा में श्रीराम बारात की भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह फूलमालाओं से स्वागत; राम-सीता विवाह का मार्मिक मंचन

यहां से शेयर करें