नोएडा में साइबर ठगों ने 5 लोगों से 35 लाख ठगे, शेयर ट्रेडिंग, नौकरी और एपीके के झांसे में फंसाया, केस दर्ज

नोएडा, साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में दोगुना मुनाफा, टास्क पूरा करने, नौकरी दिलाने और एपीके फाइल डाउनलोड कराने के नाम पर नोएडा व ग्रेटर नोएडा के पांच लोगों से कुल 35 लाख रुपये ठग लिए हैं। ठगी का पता चलने पर पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-20 निवासी प्रवेश इंजीनियर हैं। मार्च 2025 में एक व्यक्ति ने खुद को शेयर बाजार का एक्सपर्ट बताकर संपर्क किया। पहले कुछ टास्क पूरे कराए और खाते में पैसे भेजकर विश्वास जगाया। फिर निवेश पर दोगुना मुनाफा का लालच देकर अप्रैल तक 10 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पैसे वापस मांगने पर टैक्स के नाम पर और पैसा मांगा गया तथा खाता फ्रीज करने की धमकी दी गई। सेक्टर-27 निवासी हर्ष को टेलीग्राम के जरिए फंसाया गया। टास्क और निवेश के नाम पर अप्रैल 2025 तक 6 लाख रुपये ठग लिए गए। सेक्टर-20 निवासी सचिन को अगस्त 2025 में वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। 20 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर 8 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए।

ग्रेटर नोएडा निवासी राहुल से सितंबर 2025 में बैंककर्मी बनकर संपर्क किया गया। क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड कराई गई और खाते से 5 लाख रुपये निकाल लिए गए। सेक्टर-77 निवासी सज्जन को अगस्त 2025 में नौकरी तलाशते समय ठगों ने इंडीहब्स कंपनी का कर्मचारी बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राना ने बताया कि सभी शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने पीड़ितों से सलाह दी है कि अनजान लिंक, एपीके फाइल या निवेश के लालच में कभी भी पैसे न भेजें।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में खुले में कूड़ा फेंकना पड़ा भारी, सीसीटीवी ने पकड़ा

यहां से शेयर करें