ग्रेटर नोएडा। बिसरख क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क पर चल रही एक कार के ऊपर अचानक बिजली के ट्रांसफॉर्मर का खंभा आ गिरा। गनीमत रही कि इस खौफनाक हादसे में कार चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गए और उन्हें खरोंच तक नहीं आई, हालांकि कार को भारी नुकसान पहुंचा।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी साहिल रस्तोगी गुरुवार को अपनी कार से कृष्ण वाटिका की तरफ से क्रॉसिंग रिपब्लिक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव रिछपाल गढ़ी के पास उनकी कार के आगे चल रही एक बस बिजली के तारों में उलझ गई। बस के आगे बढ़ने पर तार जोर से खिंचे और इसी खिंचाव के कारण बिजली का खंभा व ट्रांसफॉर्मर का हिस्सा उखड़कर सीधे साहिल की कार के बोनट पर जा गिरा। इस अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर की वजह से कार का बोनट पूरी तरह चकनाचूर हो गया, लेकिन चालक साहिल रस्तोगी को किसी तरह की चोट नहीं आई।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिजली के तार बस में आखिर किस वजह से और कैसे उलझे, ताकि इस आधार पर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा सके।

