नोएडा में 41वें वर्ष रामलीला का भव्य आयोजन, दिल्ली-मुंबई के कलाकार करेंगे मंचन

नोएडा। श्री सनातन धर्म रामलीला समिति, नोएडा द्वारा आयोजित एक प्रेसवार्ता में समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले 41 वर्षों से निरंतर नोएडा प्राधिकरण एवं प्रशासन के सहयोग से रामलीला मंचन एवं विजयादशमी महोत्सव का आयोजन रामलीला ग्राउंड, नोएडा स्टेडियम, सेक्टर 21ए में किया जा रहा है। इस वर्ष रामलीला का मंचन 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक होगा। समिति ने बताया कि 41 वर्षों के इस सफर में पहली बार दिल्ली और मुंबई के प्रसिद्ध टीवी व फिल्मी कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। आयोजन का शुभारंभ 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे गणेश पूजन के साथ होगा।

इन गणमान्य लोगों की रहेगी मौजूदगी

उद्घाटन समारोह में संस्था के मुख्य संरक्षक एवं गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, पश्चिमी क्षेत्रीय उ.प्र. अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, पूर्व अध्यक्ष महिला आयोग उ.प्र. विमला बाथम, उ.प्र. कृषि अनुसंधान परिषद अध्यक्ष कैप्टन विकास गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। रामलीला का संचालन हरि शक्ति कला ट्रस्ट के निदेशक पंकज शर्मा, अमित शर्मा, कमल गिरीश, हरीश शर्मा एवं मुकेश शर्मा द्वारा किया जाएगा।

15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात

15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर 19 से बैंड-बाजे, रथ, ढोल-नगाड़ों एवं सुंदर झांकियों के साथ भव्य राम बारात निकाली जाएगी, जो नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से होते हुए रात 8 बजे रामलीला मैदान, सेक्टर 21ए पहुंचेगी।

केदारनाथ, बद्रीनाथ और जगन्नाथ पुरी धाम की थीम पर मंच

इस बार मंच को केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम और जगन्नाथ पुरी धाम की थीम पर 3डी इफेक्ट और एलईडी लाइटिंग के साथ भव्य रूप दिया गया है। मंच डबल स्तर का बनाया गया है, जिसमें महल के साथ जंगल, पहाड़ और किले का दृश्य भी दर्शाया जाएगा। पूरे मैदान में दर्शकों के बैठने एवं सुंदर रोशनी की व्यवस्था की गई है।

80 फीट के रावण का होगा दहन

20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार रावण का पुतला 80 फीट, कुंभकरण का 75 फीट और मेघनाथ का 65 फीट ऊंचा होगा, जिन्हें रंग-बिरंगी लाइटों और आतिशबाजी के साथ जलाया जाएगा। इसके अगले दिन 21 अक्टूबर को भरत मिलाप के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं डांडिया का आयोजन होगा, जिसके साथ इस वर्ष की लीला का विश्राम होगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन से मिली अनुमति

समिति ने बताया कि प्रशासन से सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षाकर्मी, स्वयंसेवक एवं संस्था के पदाधिकारी तैनात रहेंगे। आयोजन के दौरान फूड स्टॉल, झूला, सर्कस एवं फायर क्रैकर शो का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन हजारों लोग रामलीला देखने पहुंचते हैं, वहीं दशहरे के दिन वीआईपी अतिथियों सहित लाखों की संख्या में लोग शामिल होते हैं। प्रेसवार्ता के दौरान संस्था के चेयरमैन डॉ. टी.एन. गोविल, अध्यक्ष टी.एन. चौरसिया, महासचिव संजय बाली, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अल्पेश गर्ग सहित समिति के बड़ी संख्या में सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: भारत ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के एच-1बी टिप्पणी को आपत्तिजनक करार दिया

यहां से शेयर करें