नोएडा सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास नाले में कूदा युवक, सर्च ऑपरेशन जारी; NDRF और गोताखोरों की टीम मौके पर

नोएडा, बुधवार रात नोएडा के सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास एक युवक के गंदे नाले में गिरने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई घंटों तक चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए NDRF और गोताखोरों को भी बुलाया गया है।

घटना की सूचना डायल-112 पर मिली। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि 29 वर्षीय रवि सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास नाले में कूद गया। रवि एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के जैनपुरा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह अपनी पत्नी के साथ नोएडा के हरौला (थाना फेस-1) में रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब पीने को लेकर रवि और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर रवि नाले में कूद गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक नशे की हालत में था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने नाले में उतरकर तलाश शुरू की, लेकिन युवक का पता नहीं चला।

इसके बाद मामले को गंभीर मानते हुए SDRF/NDRF की टीम और गोताखोरों को भी बुलाया गया। मौके पर पुलिस बल तैनात है और आसपास जमा भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है। टीमें नाले के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। अधिकारी जल्द से जल्द युवक का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

रिपोर्ट लिखे जाने तक (रात करीब 10:30 बजे तक) सर्च ऑपरेशन जारी था और युवक का कोई ठोस सुराग नहीं मिला था। पुलिस और राहत टीमों का प्रयास जारी है। इस घटना ने एक बार फिर नोएडा में खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: राजपाल यादव का सुप्रीम कोर्ट में छलका दर्द

यहां से शेयर करें