नोएडा को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बनाने के लिए सीईओ व पुलिस कमिश्नर को सौंपा मांग पत्र

नोएडा। शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से नोएडा सेक्टर 105 की आरडब्ल्यूए ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल की है। संस्था के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को एक विस्तृत मांग पत्र भेजकर शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। बेहतर समन्वय के लिए इस पत्र की प्रति पुलिस कमिश्नर, गौतम बुद्ध नगर को भी भेजी गई है।

कचरा प्रबंधन और विद्युत सुरक्षा पर जताई चिंता

पत्र में आरडब्ल्यूए ने खुले स्थानों, नालों के किनारों और खाली भूखंडों पर बेतरतीब ढंग से कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई है। साथ ही सरकारी संपत्तियों और बिजली के पैनल बॉक्सों के पास कचरा जमा होने से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं की ओर भी ध्यान दिलाया गया है। नालियों और सड़कों के किनारे हो रहे अवैध पक्के निर्माणों से सफाई व्यवस्था बाधित होने और जलभराव की समस्या बढ़ने का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर तुरंत कार्रवाई की मांग की गई है।

श्रमिकों के पुलिस वेरिफिकेशन और सुरक्षा उपायों की मांग

आरडब्ल्यूए ने निर्माणाधीन स्थलों पर सड़कों पर बिखरी सामग्री और अवैध झोपड़ियों से रास्तों में हो रही बाधा का मुद्दा भी उठाया। सुरक्षा के लिहाज से निर्माण कार्य में लगे सभी श्रमिकों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन कराए जाने की मांग की गई है। इसके अलावा पार्कों और आवासीय क्षेत्रों के मुख्य द्वारों पर गंदगी रोकने तथा सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवारा पशुओं के लिए निश्चित फीडिंग स्पॉट तय करने का भी अनुरोध किया गया है।

सीसीटीवी निगरानी और ऑन-द-स्पॉट चालान की अपील

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ को साकार करने और नोएडा की छवि बनाए रखने के लिए जन-जागरूकता के साथ सख्त प्रशासनिक कदम जरूरी हैं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा मार्शलों और उड़नदस्तों की तैनाती तथा नियम तोड़ने वालों पर ऑन-द-स्पॉट चालान की व्यवस्था लागू करने की अपील प्रशासन से की है। आरडब्ल्यूए ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक कदम उठाएगा।

यहां से शेयर करें