नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर अकेले रह गए एक छोटे बच्चे का डर और इंतजार उस समय खत्म हो गया, जब उसके माता-पिता उसे ढूंढते हुए वहां पहुंचे। इस दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का एक जवान बच्चे के साथ मौजूद रहा और परिजनों के आने तक उसका ध्यान रखता रहा। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में क्या दिखा
यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर रोशन ने साझा किया है। इसमें दिखता है कि ट्रेन रुकते ही बच्चे की मां तेजी से बाहर निकलती हैं और उनके पीछे-पीछे पिता भी दौड़ते हुए बेटे की ओर बढ़ते हैं। मां ने बेटे को देखते ही गले से लगा लिया और उसे चुप कराने लगीं। बिछड़ने के डर के बाद बेटे को सुरक्षित देखकर उनके चेहरे पर राहत साफ झलक रही थी।
“चिंता मत कीजिए, हम सेवा में हैं”
भावुक मुलाकात के बीच वहां मौजूद एक अन्य यात्री ने माता-पिता को सलाह दी कि बच्चे को घर का पता याद होने के साथ-साथ किसी अभिभावक का फोन नंबर भी जरूर याद कराएं, ताकि ऐसी स्थिति में मदद जल्दी मिल सके। सबसे ज्यादा ध्यान CISF जवान की बात ने खींचा। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि तनाव न लें, वे लोग सेवा के लिए ही तैनात हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रही सराहना
यह वीडियो अब तक 14 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। बड़ी संख्या में यूजर्स ने कमेंट कर जवान का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाली जगह पर बच्चे को अकेला नहीं छोड़ा गया और जवान ने शांत रहकर उसे हिम्मत दी। कई यूजर्स ने इसे ड्यूटी से आगे बढ़कर इंसानियत की मिसाल बताया।
बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी सलाह
भीड़भाड़ वाली जगहों पर बच्चे के बिछड़ने का खतरा रहता है। ऐसे में बच्चों को घर का पता और माता-पिता का मोबाइल नंबर याद कराना चाहिए। उन्हें यह भी सिखाना चाहिए कि मुश्किल में वर्दीधारी सुरक्षाकर्मी या स्टेशन स्टाफ से मदद मांगें।
यह भी पढ़ें: भारत के पास 4 गोल्ड समेत 37 मेडल, चीन का दबदबा कायम; कबड्डी डबल गोल्ड से हुई चमक

