यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 28 सितंबर को होगा पश्चिमी मैदानी जोन का किसान मेला

UP International Trade Show:

आठ जिलों के प्रगतिशील और अचीवर किसान करेंगे प्रतिभाग, कृषि वैज्ञानिक देंगे आधुनिक खेती की जानकारी

UP International Trade Show: ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के दौरान पश्चिमी मैदानी जोन के किसानों के लिए एक दिवसीय जनपद स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। कृषि विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आठ जनपदों के प्रगतिशील, अचीवर और अन्य किसान प्रतिभाग करेंगे। मेले का उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीनतम तकनीकी विकास, नवाचार और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

UP International Trade Show:

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में एग्रोक्लाइमेटिक जोन स्तर पर पश्चिमी मैदानी जोन का एक दिवसीय किसान मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे से उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के इंडिया एक्सपो मार्ट, हॉल नंबर-2ए, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा।

किसान मेले में पश्चिमी मैदानी जोन से जुड़े मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़ और शामली जनपदों के किसान हिस्सा लेंगे। अलग-अलग जिलों से आने वाले प्रगतिशील और अचीवर किसानों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा। वे कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही नई तकनीकों, सफल कृषि प्रयोगों और नवाचारों की जानकारी अन्य किसानों के साथ साझा करेंगे।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक भी किसानों से संवाद करेंगे। कृषि वैज्ञानिक खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी देने के साथ किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे। किसानों को फसल उत्पादन, आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों और खेती में नवाचार से जुड़े विषयों पर उपयोगी जानकारी दी जाएगी। किसान वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं भी रख सकेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने गौतमबुद्धनगर सहित संबंधित सभी जनपदों के किसानों से किसान मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलती है। इससे किसान अपनी खेती को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई पद्धतियों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें नवीनतम कृषि तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ना है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान आयोजित होने वाला यह किसान मेला पश्चिमी मैदानी जोन के किसानों के लिए अनुभव साझा करने, विशेषज्ञों से संवाद करने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं की जानकारी हासिल करने का मंच बनेगा।

UP International Trade Show:

यहां से शेयर करें