जीएल बजाज कॉलेज विवाद, एमबीए छात्रों का मथुरा दाखिले को लेकर हंगामा, स्कैम का आरोप

नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज कॉलेज के गेट के बाहर एमबीए के छात्रों और अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि चार महीने पहले ग्रेटर नोएडा कैंपस में एमबीए दाखिले की उम्मीद से फीस जमा करने वाले छात्रों को अब बिना बताए मथुरा भेजने की तैयारी की जा रही है।

क्या है पूरा मामला

छात्रों के मुताबिक, उन्होंने करीब छह महीने पहले जीएल बजाज कॉलेज में एमबीए में दाखिले के लिए आवेदन किया था और इसके बाद लगातार उनसे दस्तावेज व अन्य औपचारिकताएं पूरी कराई जाती रहीं। प्रति छात्र करीब 80-80 हजार रुपये फीस भी जमा कराई गई। छात्रों का आरोप है कि उनकी सहमति लिए बिना ही कॉलेज प्रशासन ने मथुरा स्थित संस्थान में उनके नाम से आवेदन भर दिया, और इसकी जानकारी भी उन्हें चार महीने बाद तब मिली जब मामला सामने आया। छात्रों का कहना है कि अगर उन्हें शुरू से ही पढ़ाई या परीक्षा के लिए मथुरा जाना था, तो उन्होंने ग्रेटर नोएडा कैंपस में दाखिला लेने के लिए आवेदन ही क्यों किया। इतना ही नहीं, कई छात्रों ने दावा किया कि उनका नाम अब तक किसी भी आवेदन-सूची में आवंटित नहीं हुआ है, फिर भी उन्हें मथुरा से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

छात्रों को सता रहा साल बर्बाद होने का डर

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि सितंबर में एमबीए की कक्षाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं और दूसरे संस्थानों में भी दाखिला प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है। ऐसे में छात्रों को डर है कि अगर उन्हें अभी दूसरा विकल्प तलाशना पड़ा तो उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष बर्बाद हो सकता है। छात्रों का कहना है कि अगर उन्हें समय रहते मथुरा वाली व्यवस्था की सही जानकारी दी गई होती, तो वे किसी दूसरे कॉलेज में दाखिला लेने का विकल्प चुन सकते थे।

समाजवादी छात्र सभा का हमला, एफआईआर और मुआवजे की मांग

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष मोहित नागर ने इसे छात्रों के साथ हुआ सीधा “स्कैम” करार देते हुए मांग की कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों का भविष्य खराब हुआ है, उन्हें कॉलेज की ओर से मुआवजा दिया जाना चाहिए, वरना ऐसे कॉलेज को चलने का कोई अधिकार नहीं है। नागर ने चेतावनी दी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो समाजवादी छात्र सभा बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी नॉलेज पार्क क्षेत्र में जीएल बजाज कॉलेज को लेकर समाजवादी पार्टी और उससे जुड़े छात्र संगठनों का प्रदर्शन देखने को मिल चुका है, जिसके बाद पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी थी।

पुलिस बोली- छात्रों और कॉलेज का आपसी विवाद

वहीं डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने इस पूरे मामले को छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच का आपसी विवाद बताया है। पुलिस के मुताबिक कॉलेज प्रशासन छात्रों से लगातार बातचीत कर रहा है और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। हालांकि छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और स्पष्ट जवाब नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल कॉलेज प्रशासन की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सार्वजनिक रूप से जारी नहीं किया गया है। छात्र और अभिभावक साफ जवाब और फीस वापसी या पुनः दाखिले की मांग पर अड़े हैं।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ को मिली भीड़, लेकिन DUSU में कांग्रेस की करारी हार

यहां से शेयर करें