बिट्टू तबाही ने वर्ल्ड क्लीनअप डे पर शुरू किया तीन दिवसीय अभियान

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई से अंतरराष्ट्रीय चर्चा में आए सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही ने अब दिल्ली की यमुना नदी के किनारे सफाई अभियान शुरू कर दिया है। तीन दिवसीय इस अभियान के पहले दिन 20 सितंबर (वर्ल्ड क्लीनअप डे) को उन्होंने वॉलंटियर्स के साथ मिलकर यमुना किनारे से 585 किलो कचरा निकाला।

बिट्टू तबाही ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, “20 सितंबर, वर्ल्ड क्लीनअप डे। यमुना के किनारे साढ़े चार घंटे की सफाई और मिलकर 585 किलो कचरा हटाया।” वीडियो में दिखता है कि टीम प्लास्टिक, फूल-मालाएं, पूजा सामग्री और अन्य कचरा इकट्ठा कर रही है। घाट पर बिखरे हुए ये सामान स्थानीय लोगों और वॉलंटियर्स के सहयोग से साफ किए गए। बिट्टू ने बताया कि आसपास के इलाके के लोग भी सफाई में शामिल हुए और पूरे किनारे को साफ करने में मदद की। उन्होंने फिलिप मॉरिस का भी आभार जताया, जिन्होंने इस अभियान को समर्थन दिया। अगला पड़ाव गुरुग्राम का खेड़की दौला बताया गया है।

अजनार नदी की सफाई के बाद बिट्टू तबाही की वीडियो वायरल हुई थीं। उनके काम की सराहना औद्योगिक अानंद महिंद्रा ने भी एक्स पर की। डच पर्यावरण संगठन द ओशन क्लीनअप के संस्थापक बॉयन स्लैट ने उन्हें जॉब ऑफर तक दिया था। अब बिट्टू देश के अलग-अलग हिस्सों में स्वच्छता का संदेश फैलाने का अभियान चला रहे हैं। उनके इंस्टाग्राम वीडियो को हजारों लोगों ने लाइक किया और सफाई के प्रयासों की तारीफ की। यमुना अभियान के बाकी दो दिन भी जारी रहने हैं, जिसमें वे राजधानी की सबसे प्रदूषित नदियों में से एक को साफ करने का प्रयास जारी रखेंगे।

यह भी पढ़ें: मुख्य आरोपी एनकाउंटर में घायल होने के बाद गिरफ्तार

यहां से शेयर करें