नोएडा-ग्रेटर नोएडा में शेयर-आईपीओ निवेश का झांसा देकर तीन लोगों से लाखों की ठगी

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने ऑनलाइन निवेश और शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर महिला समेत तीन लोगों से कुल 76 लाख 28 हजार 335 रुपये ठग लिए। पीड़ितों को बिना अनुमति वाट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर शेयर व आईपीओ में निवेश का झांसा दिया गया। अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराने के बाद जब पीड़ित पैसे निकालने की कोशिश करते तो या तो अतिरिक्त रकम मांगी जाती या फिर ऐप अकाउंट लॉक कर दिया जाता। साइबर क्राइम थाने में शनिवार को तीनों मामलों में शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और रकम ट्रांसफर किए गए खातों व आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।

केस-1: 6 लाख लगाने पर 32 हजार शेयर दिखाए, फिर 18 लाख और मांगे

नोएडा निवासी 50 वर्षीय सौरिन चंद्र बुरागोहेन को वाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में आईपीओ और प्री-आईपीओ शेयरों में अच्छा मुनाफा देने का दावा किया गया। इसके बाद एक एआई ऐप पर निवेश करने को कहा गया। पीड़ित ने 8 हजार प्री-आईपीओ शेयर खरीदने के लिए 6 लाख रुपये लगाए। ऐप में उनके खाते में 32 हजार शेयर ट्रांसफर दिखाए गए और 18 लाख रुपये और जमा करने को कहा गया। शक होने पर उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की। करीब 12 हजार रुपये वापस मिले, जबकि साइबर कार्रवाई के बाद करीब 4 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं। यह रकम अभी खाते में वापस नहीं आई है।

केस-2: महिला से 8.40 लाख रुपये ठगे

बरौला निवासी 38 वर्षीय आकांक्षा बाजपेई के साथ 27 जुलाई 2025 को वित्तीय धोखाधड़ी हुई। अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 8 लाख 40 हजार 235 रुपये ट्रांसफर कराए गए। उन्होंने साइबर क्राइम वेबसाइट पर शिकायत करने के बाद एफआईआर दर्ज कराई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।

केस-3: 61.88 लाख जमा कराने के बाद अकाउंट लॉक

ग्रेटर नोएडा सेक्टर-1 निवासी 52 वर्षीय शैलेश कुमार को बिना अनुमति टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में रोजाना ट्रेडिंग से भारी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाए जाते थे। उन्होंने वर्षा कैपिटल ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराया। जुलाई-अगस्त 2026 के दौरान अलग-अलग खातों में कुल 61 लाख 88 हजार 100 रुपये जमा किए। रकम निकालने के आवेदन पर 12 प्रतिशत अतिरिक्त रकम जमा करने को कहा गया। शक होने पर पैसे देने से इनकार किया तो ऐप अकाउंट लॉक कर दिया गया।

पुलिस तीनों मामलों में रकम ट्रांसफर किए गए खातों और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ऐसे साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिसमें ठग वाट्सऐप-टेलीग्राम ग्रुप, फर्जी ट्रेडिंग ऐप और मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर लोगों को फंसाते हैं। किसी भी अज्ञात ग्रुप में जुड़ने, अनजान ऐप डाउनलोड करने या अज्ञात खातों में पैसे ट्रांसफर करने से बचें। संदेह होने पर तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल (cybercrime.gov.in) या 1930 पर शिकायत करें।

यह भी पढ़ें: टी-72 और टी-90 टैंकों के लिए 586 करोड़ में एपीयू खरीदेगा रक्षा मंत्रालय

यहां से शेयर करें