कलराज मिश्रा की पत्नी के निधन पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

नोएडा। पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन पर रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके सेक्टर-51 स्थित आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत सत्यवती मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की सलाह दी।

निर्धारित समय से देरी से पहुंचा काफिला

कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री को शाम 4:35 बजे पूर्व राज्यपाल के आवास पर पहुंचना था, लेकिन ग्रेटर नोएडा में एक अन्य कार्यक्रम में अधिक समय लगने के कारण उनका काफिला करीब पौन घंटे की देरी से शाम 5:24 बजे सेक्टर-51 पहुंचा। मुख्यमंत्री करीब 24 मिनट वहां रुके और 5:48 बजे रवाना हो गए। मुख्यमंत्री का काफिला शिवालिक पार्क स्थित हेलीपैड से होते हुए मोरना बस डिपो के रास्ते सेक्टर-51 पहुंचा।

गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, जिला प्रभारी डीके शर्मा, जिलाध्यक्ष महेश चौहान, पूर्व मंत्री वीरेंद्र तिवारी, एमएलसी विजय पाठक सहित कई भाजपा पदाधिकारी और परिवार के करीबी लोग मौजूद रहे।

40 मिनट से अधिक थमा रहा यातायात

मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र आने-जाने के दौरान करीब 40 मिनट तक क्षेत्र का ट्रैफिक रोक दिया गया। होशियारपुर से बॉटनिकल गार्डन जाने वाले मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई, जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। मुख्यमंत्री के रवाना होने के करीब आधे घंटे बाद तक भी आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बना रहा।

यह भी पढ़ें: छात्र की आत्महत्या के बाद डीन निलंबित, संस्थान ने मांगी माफी, फिर भी छात्र नाराज़

यहां से शेयर करें