ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम करीब 6 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रबूपुरा-झाझर रोड पर महमदपुर गांव के पास एक अनियंत्रित कार ने पहले बराबर से गुजर रही एक गाड़ी को टक्कर मारी और फिर आगे चल रही दूसरी कार से जा भिड़ी। इस हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चार लोग घायल हो गए।
रिश्तेदार के निधन पर शोक जताने आया था परिवार
खुर्जा के बड़ा गांव निवासी देवेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि वे परिवार के साथ रबूपुरा क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। रविवार दोपहर बाद वे दो कारों में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान महमदपुर गांव के पास पहुंचने पर उनकी गाड़ी के बराबर चल रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी से जा टकराई।

टक्कर की रफ्तार इतनी तेज कि तीसरी कार भी चपेट में आई
टक्कर इतनी जोरदार थी कि देवेंद्र पाल की कार आगे चल रही एक अन्य गाड़ी से भी टकरा गई। इस दुर्घटना में मकसूदपुर गांव निवासी रीकू और देवेंद्र पाल शर्मा समेत कुल चार लोग घायल हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक हादसे में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और सबूत जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: गौतमबुद्ध नगर में फायर सिस्टम होगा और मजबूत, यीडा क्षेत्र में बनेंगे दो नए फायर स्टेशन

