‘रफ्तार का बादशाह’ टक्कर मारकर भागा, वीडियो वायरल होने के बाद कार सहित गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में GNIOT कॉलेज के पास हुई हिट एंड रन की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को कार सहित गिरफ्तार कर लिया है। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े करीब पांच छात्रों को टक्कर मारी थी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेज गति से आ रही कार छात्रों के बीच घुस जाती है और कई लोगों को टक्कर मार देती है। इसके बाद चालक बिना रुके कार लेकर भाग जाता है। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, वीडियो के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की गई और उसे कार सहित गिरफ्तार कर लिया गया। कार को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल छात्रों का उपचार कराया गया। फिलहाल किसी की जान को खतरा नहीं बताया जा रहा। आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नॉलेज पार्क शिक्षा हब होने के कारण यहां तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रहती हैं। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार कार का कहर

यहां से शेयर करें