बिल्डर ने की आत्महत्या की कोशिश, वीडियो में CM योगी से लगाई मदद की गुहार

ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना क्षेत्र की पाम ओलंपिया सोसायटी में एक बिल्डर ने आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि इस कदम से पहले बिल्डर नीरज चौहान ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की अपील की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

क्या है पूरा मामला

वीडियो में नीरज चौहान ने बताया कि उन्होंने कुछ साझेदारों के साथ मिलकर ग्रेटर नोएडा के ईटा सेक्टर में एक प्लॉट खरीदा था। उनके अनुसार इस सौदे में निशान चौबे, आशीष श्रीवास्तव और कैलाश बजाज साझेदार थे। कुछ समय पहले आशीष श्रीवास्तव का हार्ट अटैक से निधन हो गया, जिसके बाद शेष साझेदारों के साथ विवाद शुरू हो गया।

धमकी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप

नीरज का आरोप है कि जमीन और कथित वित्तीय अनियमितता को लेकर बात करने पर उन्हें धमकाया जाता रहा। उनके मुताबिक बीते एक सप्ताह में दो व्यक्तियों के जरिए उन तक धमकी पहुंचाई गई और 11 सितंबर को उन्हें एक जगह बुलाकर फिर धमकाया गया। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से भारी मानसिक दबाव में थे। वीडियो में उन्होंने यह भी दावा किया कि विवादित जमीन किसी अन्य बिल्डर को दे दी गई और उस पर कब्जा कर लिया गया। नीरज के अनुसार, दूसरे पक्ष के साथ कुछ प्रभावशाली लोग जुड़े हुए हैं, जिसके चलते वे असहाय महसूस कर रहे थे। उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए मामले में कार्रवाई की अपील की।

पुलिस का पक्ष

बिसरख थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आ चुका है और पीड़ित का इलाज अस्पताल में जारी है। उनके अनुसार, मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने कहा है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें: जेपी विशटाउन में अनधिकृत निर्माण के आरोप, सात बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट

यहां से शेयर करें